
कटनी | न्यूज़ वॉइस ऑफ इंडिया
कटनी जिले में उस समय हड़कंप मच गया, जब जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं भाजपा नेता अशोक विश्वकर्मा से जुड़े ठिकानों पर आयकर विभाग ने तड़के सुबह बड़ी कार्रवाई शुरू की। करीब सुबह 4 बजे आयकर विभाग की टीम ने एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के मामले को लेकर की जा रही है। आयकर विभाग की टीम ने बीएमसी विश्वकर्मा माइनिंग, होटल, कार्यालय सहित अशोक विश्वकर्मा एवं उनके भाई शंकर लाल विश्वकर्मा से जुड़े ठिकानों पर एक साथ दस्तक दी।
50 से अधिक अधिकारियों की टीम
सूत्रों के मुताबिक जबलपुर, भोपाल सहित अन्य शहरों से आए करीब 50 से अधिक आयकर अधिकारी और कर्मचारी इस कार्रवाई में शामिल हैं। किसी प्रकार का संदेह न हो, इसके लिए आयकर विभाग की गाड़ियों पर स्वच्छता अभियान के स्टीकर लगाए गए थे।
खनन कारोबार और लेन-देन की गहन जांच
आयकर विभाग की टीम बॉक्साइट माइनिंग से जुड़े दस्तावेज, बैंक लेन-देन, संपत्ति के रिकॉर्ड और निवेश संबंधी कागजातों की गहन जांच कर रही है।
जिन स्थानों पर छापेमारी की गई, उनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं—जालपा देवी वार्ड, गौतम मोहल्ला स्थित तीन मकान व कार्यालय, टिकरिया और सिंगनपुरी की खदानें,अन्य माइनिंग ठिकाने,पानी की फैक्टरी,बरगवां स्थित होटल
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
कार्रवाई के दौरान सभी ठिकानों पर विशेष पुलिस बल तैनात किया गया है। पूरे ऑपरेशन को बेहद गोपनीय तरीके से अंजाम दिया जा रहा है और दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल जारी है।
तेरहवीं के बाद कार्रवाई, इलाके में चर्चा
इस छापेमारी को लेकर इलाके में चर्चा इसलिए भी तेज है, क्योंकि कुछ दिन पहले ही अशोक विश्वकर्मा की माता जी का निधन हुआ था और तेरहवीं के तीसरे दिन यह कार्रवाई शुरू हुई।
फिलहाल आयकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुए है। आयकर टीम की जांच जारी रही है।









