
कटनी। खजुराहो–कटनी लोकसभा के सांसद एवं भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने 25 नवंबर से शुरू होने वाले सांसद खेल महोत्सव की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। दीनदयाल खेल परिसर पहुँचकर उन्होंने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला अध्यक्ष दीपक टण्डन, विधायक संदीप जायसवाल, महापौर प्रीति सूरी, निगमाध्यक्ष मनीष पाठक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।
श्री शर्मा ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और आयोजन टीम से मुलाकात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भावना के अनुरूप युवाओं को खेलों से जोड़ना, उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को सामने लाना महोत्सव का मुख्य उद्देश्य है।
उन्होंने बताया कि महोत्सव लगभग एक माह चलेगा, जिसमें सभी आयु वर्ग के खिलाड़ी विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और टीम भावना को मजबूत करते हैं।
सांसद शर्मा ने आयोजन समिति को निर्देश दिए कि प्रतिभागियों को सर्वोत्तम सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ और सभी विभाग मिलकर आयोजन को सफल बनाएं।
फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड में करोड़ों की लागत से चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने मीडिया को बताया कि सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ 25 नवंबर को कटनी में और समापन 25 दिसंबर, पं. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर होगा। सेमीफ़ाइनल खजुराहो एवं फाइनल पन्ना में आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि महोत्सव ग्राम पंचायत से लेकर ब्लॉक और लोकसभा स्तर तक व्यापक स्तर पर आयोजित हो रहा है, जो इस क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को नई उड़ान देगा।






