मगरमच्छ का कहर | नदी में मछली पकड़ने गए युवक को बनाया शिकार, आधा शव मिला

छतरपुर/न्यूज़.वॉइस.ऑफ़.इंडिया
छतरपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां केन नदी से जुड़े एक नाले में मगरमच्छ ने मछली पकड़ने गए युवक पर हमला कर दिया। हमला इतना भयावह था कि युवक की जान तो गई ही, उसका सिर्फ आधा शव ही बरामद हो सका।

घटना छतरपुर-पन्ना बॉर्डर पर नेशनल हाईवे 39 के पास की है। भियाताल गांव का रहने वाला 48 वर्षीय मिजाजी रैकवार, अपने पिता के साथ मछली पकड़ने के लिए केन नदी से जुड़े एक नाले के किनारे गया था। लेकिन अचानक पानी में छिपे मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया और युवक को खींचकर नदी में ले गया।

परिजन और ग्रामीणों ने रातभर तलाश की और अगली सुबह नदी के किनारे से उसका आधा धड़ बरामद किया गया। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटना स्थल पर हड़कंप का माहौल है। लोग डरे और सहमे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मानसून में पानी का स्तर बढ़ते ही नदियों और नालों में मगरमच्छों की सक्रियता भी बढ़ जाती है। कई इलाकों में पहले भी मगरमच्छ देखे गए हैं, लेकिन ऐसी खौफनाक घटना ने पूरे क्षेत्र में डर का माहौल बना दिया है।

 स्थानीय ग्रामीण का कहना है 

“हमने कई बार प्रशासन और वन विभाग से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अगर समय रहते चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा उपाय होते, तो शायद आज यह हादसा टल सकता था।”

प्रशासन और विभाग की प्रतिक्रिया

घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने नाले और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।

इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या हमारी नदियों के आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कोई ठोस योजना है? ग्रामीणों ने वन विभाग से मगरमच्छ पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने, चेतावनी संकेतक लगाने और नदी किनारे निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

 

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING