
कटनी। यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आरटीओ विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को कुठला थाना क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने पर 7 बसों को जब्त करते हुए कुठला थाने में खड़ा कराया गया एवम दो स्कूल बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र निरस्त कर दिए गए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे अनफिट वाहनों के विरुद्ध अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। बतादे कि आरटीओ टीम ने कुठला थाने के सामने बसों की गहन जांच करते हुए दस्तावेजों, फायर सेफ्टी किट, इमरजेंसी एग्जिट शीट, फर्स्ट ऐड बॉक्स और चालक-परिचालक की यूनिफॉर्म की जांच की।
जांच के दौरान कुछ बसों में निर्धारित सीटों से अधिक यात्री सवार पाए गए, साथ ही कई बसें बगैर अनिवार्य सुरक्षा उपकरणों के संचालित हो रही थीं। नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करते हुए बसों को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया गया। यात्रियों को वैकल्पिक साधनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
आरटीओ विभाग का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।






