
कटनी। शहर के प्रत्येक वार्ड में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों की समस्याओं के निराकरण को लेकर नगर निगम द्वारा विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इसी कड़ी में राममनोहर लोहिया वार्ड के रहवासियों को 54 लाख 47 हजार रुपये के दो महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों की सौगात मिली है।
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने क्षेत्रीय पार्षद उमेंद्र अहिरवार एवं वार्डवासियों की उपस्थिति में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर दोनों निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया।इनमें कुशवाहा नगर में 25 लाख 34 हजार रुपये की लागत से सीसी नाली का निर्माण कराया जाएगा, जबकि हरिजन बस्ती में 29 लाख 13 हजार रुपये की लागत से पक्के नाले का निर्माण होगा। इन निर्माण कार्यों के पूरा होने से वार्ड में जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी। खासकर बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से जूझने वाले रहवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही क्षेत्र में स्वच्छता और बेहतर वातावरण को बढ़ावा मिलेगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम में महापौर प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड का संतुलित विकास और नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। नाली और नाला निर्माण जैसे कार्य आम नागरिकों के दैनिक जीवन से सीधे जुड़े हैं। उन्होंने निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश भी दिए।
वहीं क्षेत्रीय पार्षद उमेंद्र अहिरवार ने कहा कि वार्ड की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। महापौर और नगर निगम प्रशासन के सहयोग से वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। प्रयास है कि प्रत्येक क्षेत्र की समस्याओं का निराकरण हो और नागरिकों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण मिले।कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, पार्षद शकुंतला सोनी, सीमा श्रीवास्तव, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे। स्थानीय नागरिकों ने नाली और नाला निर्माण कार्यों की शुरुआत पर प्रसन्नता जताते हुए महापौर एवं क्षेत्रीय पार्षद के प्रति आभार व्यक्त किया।









