
कटनी। एनकेजे थाना क्षेत्र अंतर्गत सुर्खी टैंक के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए कटनी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल सवार तीन मजदूर अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सुर्खी टैंक के पास उनकी बस से टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दो मजदूरों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में मृतकों की पहचान अनुराग कोल उम्र 22 वर्ष और करण कोल उम्र 28 वर्ष के रूप में बताई जा रही है। वहीं गंभीर रूप से घायल सावन कोल उम्र 21 वर्ष को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। तीनों मजदूर सुर्खी टैंक क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही एनकेजे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों एवं मृतकों को जिला अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।








