
कटनी। नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) की 32 एमपी बटालियन द्वारा सिलिकोबाइट कटनी डिग्री कॉलेज के रेड फोर्ट कैंपस में आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर सीएटीसी-175 के अंतर्गत भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। देशभक्ति गीत-संगीत, लोकनृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों से सजी इस शाम में एनसीसी कैडेट्स ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की शानदार झलक पेश की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला वन अधिकारी गर्वित गंगवार रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने की। विशिष्ट अतिथियों में शासकीय कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात एवं सिलिकोबाइट के डायरेक्टर शिक्षारत्न डॉ. पारस जैन शामिल रहे। अतिथियों का स्वागत कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विनोद सिंह ने किया।
मुख्य अतिथि गर्वित गंगवार ने अपने संबोधन में कहा कि एनसीसी के ध्वज पर अंकित ‘एकता और अनुशासन’ का संदेश जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। योजना बनाकर लक्ष्य प्राप्त करना ही अनुशासन है। जीवन में सफलता के लिए एकता, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण जरूरी है।
नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने कैडेट्स का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पूरी तैयारी के साथ अपने लक्ष्य को प्राप्त करने का प्रयास करें। निरंतर मेहनत करें और कभी पीछे न हटें। सभी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और जीवन का आनंद लें। उन्होंने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में कैडेट्स के आत्मविश्वास की सराहना की।
सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ अल्फा ग्रुप की विधि चौबे द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना से हुआ। इसके बाद कैडेट्स ने एक से बढ़कर एक रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। ब्रावो ग्रुप कैमोर हायर सेकेंडरी स्कूल की सुनिधि दाहिया एवं उन्नति चौधरी ने ‘ताल से ताल मिला’ गीत पर समूह नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं डेल्टा कंपनी सायना इंटरनेशनल स्कूल की मान्या वर्मा, आनरा रावत एवं आशा शुक्ला ने भी आकर्षक समूह नृत्य से दर्शकों का मन मोह लिया। चार्ली ग्रुप के बार्डस्ले स्कूल एवं ऑर्डनेंस फैक्ट्री स्कूल के कैडेट्स ने ‘मिट्टी के बेटे’ नाटक के माध्यम से देशप्रेम का संदेश दिया। अहाना गुप्ता ने ‘भूमरो-भूमरो श्याम रंग भूमरो’ गीत पर एकल नृत्य प्रस्तुत किया। डेल्टा ग्रुप संदीपनी स्कूल पवई के अमन कोरी, विश्वजीत कुशवाहा एवं समर सिंह रघुवंशी ने बुंदेली गीत की प्रस्तुति दी। ब्रावो ग्रुप जेपीवी डीएवी कटनी के यांशी पांडे, काव्या मिश्रा, मायरा पाटकर, आर्नव, आदित्य, अथर्व एवं सिद्धार्थ ने राजस्थानी लोकगीत ‘रंगीलो राजस्थान’ पर शानदार प्रस्तुति दी। कैमोर इंग्लिश मीडियम स्कूल की देवांशी तिवारी एवं लक्ष्मी रैदास ने ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ गीत प्रस्तुत किया। इसी विद्यालय की स्तुति तिवारी एवं अनवीश अली ने दक्षिण भारतीय परंपरा पर आधारित नृत्य से सांस्कृतिक विविधता को मंच पर उतारा अल्फा ग्रुप के स्लेष सोनी, काजल कुशवाहा, शिवानी कुम्हार, खुशबू, बीना, दीपांशी, रीना एवं गीता ने बुंदेलखंड की प्रसिद्ध राई लोकनृत्य शैली की शानदार प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं चार्ली ग्रुप सरला नगर मैहर के कैडेट्स ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता की।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स हुए सम्मानित
शिविर के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को सम्मानित किया गया। बेस्ट फायर प्रतियोगिता में गर्ल्स कॉलेज कटनी की रीना साहू ने प्रथम, तिलक कॉलेज के उत्कर्ष त्रिपाठी ने द्वितीय, शासकीय विद्यालय पवई के निशांत चौधरी ने तृतीय तथा बार्डस्ले स्कूल कटनी की नम्रता मोंगरे ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।
ड्रिल प्रतियोगिता में शासकीय विद्यालय विजयराघवगढ़ के अर्पित चौधरी प्रथम, ऑर्डनेंस फैक्ट्री कटनी की शिक्षा तिवारी द्वितीय, तिलक कॉलेज कटनी के विकास विश्वकर्मा तृतीय तथा गर्ल्स कॉलेज कटनी की प्रियंका पटेल चतुर्थ स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम का सफल संचालन सायना स्कूल कटनी की ओमिशा मिश्रा एवं सरला नगर स्कूल मैहर के दीपांश तिवारी ने किया। इस अवसर पर उप प्राचार्य डॉ. सोमन मलैया, रजिस्ट्रार डॉ. रोशनी बिलैया, पीआई इंस्ट्रक्टर, एएनओ स्टाफ, प्रशिक्षण स्टाफ सहित बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे। सांस्कृतिक संध्या ने कैडेट्स में एकता, अनुशासन, आत्मविश्वास और देशप्रेम की भावना को मजबूत करने के साथ ही देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति सम्मान का संदेश दिया।










