
कटनी। जिले में धान के अवैध परिवहन और भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर गठित उड़नदस्ता दल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कटनी-जबलपुर बायपास से 301.50 क्विंटल धान से भरा एक ट्रक पकड़ा है। ट्रक चालक के पास धान के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने कुल 88 हजार 930 रुपये की राशि वसूल की मामले की जानकारी देते हुए मंडी प्रशासक एवं एसडीएम कटनी जितेंद्र पटेल ने बताया कि उड़नदस्ता दल द्वारा निरीक्षण के दौरान वाहन क्रमांक UP-65-FT-8757 को जांच के लिए रोका गया। वाहन में 301.50 क्विंटल धान का परिवहन किया जा रहा था। जब चालक से धान के परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इस पर उड़नदस्ता दल ने मध्यप्रदेश कृषि उपज मंडी अधिनियम 1972 की धारा 19 (4) के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान 74 हजार 56 रुपये दांडिक मंडी शुल्क, 9 हजार 874 रुपये निराश्रित शुल्क और 5 हजार रुपये प्रशमन शुल्क सहित कुल 88 हजार 930 रुपये वसूल किए गए।
इस कार्रवाई में मंडी उड़नदस्ता दल प्रभारी एवं उपनिरीक्षक सुधीर कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक प्रशांत मौर्य और उपनिरीक्षक विकास नारायण मिश्रा शामिल रहे।






