“दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं! बरही में भीषण अग्निकांड, मासूम बच्चे समेत एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत”

कटनी/बरही। दीपावली का पर्व जहां पूरा देश रोशनी, खुशियों और उत्साह के साथ मना रहा था, वहीं कटनी जिले के बरही नगर में खुशियों का माहौल देखते ही देखते चीख-पुकार और मातम में बदल गया। बरही के मुख्य बाजार में स्थित तीन मंजिला क्रॉकरी दुकान सह आवासीय मकान में आधी रात अचानक भीषण आग लग गई। इस हृदयविदारक अग्निकांड में एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो माह का मासूम बच्चा और दो छोटी बच्चियां भी शामिल हैं। इस घटना ने न केवल बरही नगर, बल्कि पूरे कटनी जिले को झकझोर कर रख दिया है।

आधी रात को भड़की आग, देखते ही देखते पूरी इमारत बनी आग का गोला

हादसे के दौरान घर में मौजूद परिवार के सदस्यों में अफरा-तफरी मच गई। रितेश अग्रवाल और उनकी भाभी किसी तरह जान बचाकर बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन परिवार के छह सदस्य इमारत के भीतर ही फंस गए। आग और घने धुएं के कारण उनके लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया।

रातभर चला रेस्क्यू, जेसीबी से तोड़ी गई मकान की दीवार

आग की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिकों के साथ पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। आग पर काबू पाने और अंदर फंसे लोगों को निकालने के लिए रातभर रेस्क्यू अभियान चलाया गया।

एक ही परिवार के छह लोगों की मौत से पसरा मातम

प्राप्त जानकारी के मुताबिक इस दर्दनाक अग्निकांड में जान गंवाने वालों में शामिल हैं—

पूरन अग्रवाल (77 वर्ष)

चंद्रकला अग्रवाल (74 वर्ष)

पूनम अग्रवाल (बहू)

आर्या (14 वर्ष)

अन्वी (6 वर्ष)

दो माह का मासूम बालक।

इस हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि महज दो महीने का मासूम अपनी मां पूनम अग्रवाल के साथ तीसरी मंजिल पर मौजूद था। जिंदगी की शुरुआत भी ठीक से नहीं हुई थी कि इस भीषण हादसे ने मां और बच्चे दोनों को हमेशा के लिए जुदा कर दिया। वहीं परिवार की बुजुर्ग महिला और दोनों मासूम बच्चियों की मौत ने इस त्रासदी को और भी पीड़ादायक बना दिया।

दीपावली की रात बुझ गए छह जीवन, हर आंख हुई नम

दीपावली पर जहां घर-घर दीप जल रहे थे और लोग खुशियां मना रहे थे, वहीं बरही के इस परिवार में एक ही रात छह जिंदगियां हमेशा के लिए बुझ गईं। घटना की खबर फैलते ही पूरे नगर में शोक की लहर दौड़ गई। बाजार और आसपास के क्षेत्र में मातम का माहौल है।

फिलहाल प्रशासन द्वारा अग्निकांड के कारणों की जांच की जा रही है। यह हादसा कई गंभीर सवाल भी खड़े करता है कि आखिर आग कैसे लगी, इतनी तेजी से पूरी इमारत में कैसे फैल गई और परिवार के सदस्यों को बचाने के लिए समय रहते क्या व्यवस्थाएं संभव थीं।

बरही का यह अग्निकांड दीपावली की खुशियों के बीच ऐसा गहरा जख्म छोड़ गया है, जिसे नगरवासी लंबे समय तक नहीं भूल पाएंगे।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING