“ऑर्डिनेंस स्टेडियम के पास 3 किलो गांजा के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा” 

कटनी। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रंगनाथनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को लगभग 3 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2 किलो 918 ग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिले को नशा मुक्त बनाने एवं अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक कटनी के मार्गदर्शन में 7 मई 2026 को रंगनाथनगर थाना पुलिस गश्त पर थी।

गश्त के दौरान ऑर्डिनेंस स्टेडियम के सामने मुख्य मार्ग पर एक युवक पीठ पर पिट्ठू बैग टांगे संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भागने का प्रयास करने लगा, जिस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम रोहित कोल पिता स्वर्गीय अशोक कोल उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम पतरोई, पोस्ट पहरूआ, थाना सिहोरा जिला जबलपुर बताया।

पुलिस द्वारा बैग की तलाशी लेने पर उसमें 2 किलो 918 ग्राम गांजा बरामद हुआ। मौके पर वैधानिक कार्रवाई करते हुए थाना रंगनाथनगर में अपराध क्रमांक 202/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक अरूणपाल सिंह, सहायक उप निरीक्षक सतीष जाटव, प्रधान आरक्षक पवन पाठक, प्रधान आरक्षक असंत सिंह एवं आरक्षक वीरेन्द्र दहायत की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING