
मध्य प्रदेश के कटनी जिले का एक हाई प्रोफाइल मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। कुछ दिनों पहले एक शादी समारोह के दौरान बारातियों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।
इसी घटना को लेकर जय सूर्यवंशी, नागेंद्र अहिरवार और अन्य लोगों ने पुलिस अधीक्षक के नाम एक शिकायत पत्र सौंपते हुए दोषी पुलिसकर्मियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यदि संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज नहीं किया गया, तो क्षेत्र के लोग एकजुट होकर 27 अप्रैल, सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव करने को मजबूर होंगे।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि शादी जैसे पवित्र अवसर पर पुलिस की इस तरह की कार्रवाई न केवल अमानवीय है, बल्कि कानून की मर्यादाओं का भी उल्लंघन है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और क्या पीड़ितों को न्याय मिल पाता है।







