
कटनी।कटनी नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनता से जुड़ी शिकायतों और लंबित प्रकरणों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में शासकीय योजनाओं, सीएम हेल्पलाइन, जलभराव, अमृत योजना और विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
एमआईसी सभागार में आयोजित बैठक में आयुक्त ने अमृत योजना के तहत शहर में चल रहे सीवर लाइन और पाइपलाइन विस्तार कार्यों की समीक्षा की उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले सभी रेस्टोरेशन कार्य पूरे किए जाएं ताकि नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो साथ ही बारिश के दौरान नए रोड कटिंग कार्यों पर रोक लगाने और सड़कों के पेंचवर्क को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।
आईएचएसडीपी योजना के अंतर्गत प्रेमनगर क्षेत्र में बिना आवेदन और अवैध रूप से निवास कर रहे लोगों के सर्वे कार्य की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने शेष सर्वे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए वहीं जिन पात्र हितग्राहियों को भवन आवंटन के बाद भी कब्जा नहीं मिल पाया है, उनके मामलों में प्राथमिकता से कार्रवाई करने को कहा गया आगामी मानसून को देखते हुए नगर के जलभराव प्रभावित क्षेत्रों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई कुठला, माधवनगर, राय कॉलोनी, दुगाड़ी नाला, कुम्हार मोहल्ला, हाउसिंग बोर्ड और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों के नालों की सफाई समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए आयुक्त ने कहा कि ड्रेनेज व्यवस्था का नियमित निरीक्षण हो और खुले चेंबरों को तत्काल ढका जाए ताकि बारिश में किसी प्रकार की दुर्घटना न हो बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, आवारा मवेशियों और श्वानों की समस्या पर भी चर्चा हुई स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए गए कि एंटी रैबीज मामलों की दैनिक रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए और आवारा पशुओं के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अब तक 60 सार्वजनिक कुओं की सफाई, 94 हैंडपंप एवं बोरवेल रिचार्ज के लिए सोक पिट निर्माण और 26 सार्वजनिक प्याऊ संचालित किए जा चुके हैं।
आयुक्त ने रेन वाटर हार्वेस्टिंग और पोर्टल पर जानकारी अपडेट करने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों को लेकर भी निगमायुक्त ने अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि सभी शाखाएं प्रतिदिन शिकायतों की समीक्षा करें और समय सीमा में उनका निराकरण सुनिश्चित करें। उनका कहना था कि यदि विभाग अपने दायित्व समय पर निभाएंगे तो नागरिकों को शिकायत दर्ज कराने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की समीक्षा के दौरान लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं मिलने पर आयुक्त ने नाराजगी जताई और आगामी 15 दिनों में रैंकिंग सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही पात्र हितग्राहियों को लोक कल्याण मेले के माध्यम से अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया।
बैठक में जर्जर भवनों की पहचान, अनाधिकृत मैरिज गार्डनों, फायर सेफ्टी नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों, निगम की दुकानों में शिकमी किरायेदारी, ई-ऑफिस प्रणाली, स्कूलों और कार्यालयों की मरम्मत, रोड मार्किंग, जेब्रा क्रॉसिंग, पार्किंग और नो-पार्किंग चिन्हांकन सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने स्पष्ट किया कि बारिश के मौसम और नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग तय समय सीमा में अपने कार्य पूर्ण करें। साथ ही जनता से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर जवाबदेही तय की जाएगी।








