“मुरवारी में भीषण आग से हड़कंप: 36 किसानों के खेत झुलसे, सिंचाई पाइप जलकर खाक” 

कटनी। तहसील ढीमरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम मुरवारी में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब नरवाई में लगी आग ने अचानक विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते आग ने आसपास के खेतों को अपनी चपेट में ले लिया और करीब 36 किसानों की फसल प्रभावित हो गई।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि खेतों में लगी सिंचाई व्यवस्था भी नहीं बच सकी। करीब 30 से 35 पाइप पूरी तरह जलकर खाक हो गए। इस घटना में सबसे अधिक नुकसान जयकुमार बैरागी, विजय बैरागी और खिलावन बैरागी को हुआ है, जिनकी सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह नष्ट हो गई।

इस हादसे के बाद किसानों के सामने अब फसल के साथ-साथ सिंचाई की भी गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन तुरंत हरकत में आया। मौके पर एसडीएम निधि गोहल, तहसीलदार नितिन पटेल, पटवारी दान सिंह और पुनीत अवस्थी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

वहीं, स्थानीय स्तर पर कोटवार गोलू दाहिया, रामशरण दाहिया और सचिन दाहिया सहित गांव के युवाओं ने भी आग बुझाने में अहम भूमिका निभाई।

अग्निशामक यंत्रों और ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई। हालांकि, तब तक किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हो चुका था।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा और राहत सहायता प्रदान की जाए, ताकि वे दोबारा खेती शुरू कर सकें।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING