
कटनी में वित्तीय वर्ष खत्म होने से पहले नगर निगम ने बकाया वसूली को लेकर सख्त रुख अपना लिया है। बस स्टैंड परिसर की तीन दुकानों पर निगम ने ताला लगाकर बड़ी कार्रवाई की है। ये कार्रवाई लंबे समय से किराया जमा नहीं करने पर की गई है।

नगर निगम प्रशासन द्वारा बकाया करों की वसूली को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार सुबह निगम स्वामित्व के बस स्टैंड परिसर में संचालित तीन दुकानों पर तालाबंदी की गई।
राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक के अनुसार दुकान नंबर 62 पर करीब 16 हजार 989 रुपये, दुकान नंबर 9 पर 17 हजार 866 रुपये और दुकान नंबर 47 पर 9 हजार 850 रुपये का किराया बकाया था। निगम प्रशासन ने बताया कि संबंधित दुकानदारों को कई बार नोटिस दिए गए और शासन द्वारा 31 मार्च तक दी जा रही लोक अदालत छूट की जानकारी भी दी गई, लेकिन इसके बावजूद किराया जमा नहीं किया गया।
निगम ने सख्ती दिखाते हुए तीनों दुकानों पर जड़ा ताला
नगर निगम ने साफ कर दिया है कि वित्तीय वर्ष के अंत तक बकाया वसूली अभियान जारी रहेगा। ऐसे में करदाताओं से अपील की गई है कि वे समय रहते अपना बकाया जमा करें, वरना कार्रवाई तय है।






