“भिटोनी स्टेशन पर हाई-अलर्ट मॉक ड्रिल: 24 मिनट में बुझी ‘आग’, रेलवे ने दिखाई दमदार तैयारी” 

जबलपुर भिटोनी । यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे संपत्तियों की रक्षा को प्राथमिकता देते हुए जबलपुर रेल मंडल के भिटोनी (BHTN) स्टेशन पर 6 मई 2026 को एक व्यापक अग्निशमन मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इस अभ्यास का उद्देश्य आपातकालीन स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करना था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम 16:56 बजे ट्रेन संख्या PLBG के एक टैंकर वैगन (CR 61723) में साइडिंग लूप लाइन पर आग लगने की काल्पनिक सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, स्टेशन स्टाफ और संबंधित विभाग तुरंत सक्रिय हो गए।

तेज और सुनियोजित कार्रवाई के चलते महज 24 मिनट के भीतर, यानी 17:20 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इसके बाद 17:25 बजे प्रभावित वैगन को सुरक्षित रूप से अलग (डिटैच) कर लिया गया। अंततः 17:45 बजे पूरे घटनाक्रम को मॉक ड्रिल घोषित किया गया।

इस अभ्यास में रेलवे के विभिन्न विभागों के साथ स्थानीय गैस प्लांट और नगर निगम भिटोनी का भी अहम सहयोग रहा। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने उच्च दबाव से पानी का छिड़काव कर आग पर प्रभावी नियंत्रण पाया।

सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने में भिटोनी थाना प्रभारी अपने दल के साथ मौजूद रहे। वहीं आरपीएफ और जीआरपी के जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग और सुरक्षा प्रबंधन को बखूबी संभाला। स्टेशन स्टाफ ने भी अग्निशमन यंत्रों के साथ तत्परता का परिचय दिया।

मंडल के विभिन्न शाखा अधिकारियों ने कंट्रोल रूम से पूरे घटनाक्रम की निगरानी करते हुए बेहतर समन्वय स्थापित किया।

रेलवे प्रशासन द्वारा समय-समय पर इस तरह की मॉक ड्रिल आयोजित की जाती हैं, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। आज की इस ड्रिल में सभी संबंधित विभागों ने उत्कृष्ट तालमेल और पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए इसे सफलतापूर्वक संपन्न किया।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING