
पन्ना/कटनी।पन्ना जिले के रैपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़े अंतर-जिला जुआ रैकेट का पर्दाफाश करते हुए 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में चौंकाने वाली बात यह रही कि इनमें से 16 आरोपी पड़ोसी जिले कटनी के निवासी हैं। पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में की गई इस सख्त कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।
कटनी से पहुंचते थे जुआरी, रैपुरा बन रहा था अड्डा
जांच में सामने आया है कि कटनी जिले से बड़ी संख्या में जुआरी रैपुरा स्थित विनय चनपुरिया के घर पर इकट्ठा होकर जुए की महफिल सजाते थे। आरोपी विनय अपने घर पर जुआ खिलाने के एवज में मोटा कमीशन वसूलता था। यह गतिविधि लंबे समय से चल रही थी, जिससे यह स्थान एक बड़े जुआ केंद्र के रूप में विकसित हो चुका था।
14 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल 14,06,800 रुपये की संपत्ति बरामद की, जिसमें—नकद: 1,73,300 रुपये, मोबाइल: 19 हैंडसेट (लगभग 1.83 लाख रुपये),वाहन: 7 (1 चारपहिया + 6 दोपहिया, कीमत लगभग 10.50 लाख रुपये)
सख्त कानूनी कार्रवाई
उपनिरीक्षक स्मिता सिंह बघेल के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
कटनी के ये आरोपी शामिल
गिरफ्तार आरोपियों में कटनी जिले के महेश कुमार लोधी, धनीराम पटेल, शंकर सिंह ठाकुर, राकेश सिंह ठाकुर, रिजवान खान, गंगाराम पटेल, रोहणी तिवारी, शाहिद ताज, सनित जैन, सोनेलाल पटेल, भारत चौधरी, शिवम सोनी, अनिल कुमार लोधी, रामजी लोधी, संतोष चौधरी, गणेश प्रसाद श्रीवास्तव और बबलू चौधरी शामिल हैं।वहीं पन्ना जिले के अरविंद चौधरी और अजय सेन को भी हिरासत में लिया गया है।
इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि रैपुरा क्षेत्र में बड़े स्तर पर संगठित जुआ संचालन हो रहा था, जिसमें अंतर-जिला नेटवर्क सक्रिय था। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।






