
कटनी, 6 मई — नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने बुधवार सुबह नगर में चल रहे निर्माण और विकास कार्यों की गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समय-सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि नगर विकास के लिए स्वीकृत 396 कार्यों में से अब तक 111 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि शेष कार्य प्रगति पर हैं। निगमायुक्त ने विशेष रूप से उन कार्यों पर ध्यान देने को कहा जो अभी शुरू नहीं हुए हैं या जिनमें अनुबंध और भुगतान की प्रक्रिया लंबित है।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले पूरा किया जाए। साथ ही शहर की सड़कों पर मौजूद गड्ढों की जल्द मरम्मत कर नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि पुरैनी स्थित फल मंडी के पास फिश पार्लर के निर्माण के लिए स्थान चयन और लेआउट की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। निगमायुक्त ने इस प्रोजेक्ट को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।
वार्डवार समीक्षा में सख्ती
निगमायुक्त ने सभी वार्डों में चल रहे कार्यों की अलग-अलग समीक्षा करते हुए अधोसंरचना कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिन ठेकेदारों द्वारा अनुबंध प्रक्रिया में देरी की जा रही है, उनके खिलाफ ब्लैकलिस्ट करने तक की चेतावनी दी गई।
जलभराव पर विशेष फोकस
आगामी वर्षा को देखते हुए निगमायुक्त ने जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पिछले साल जिन इलाकों में जलभराव हुआ था, वहां इस बार पहले से तैयारी पूरी कर ली जाए।
इसके लिए टीमों का गठन कर मौके पर निरीक्षण करने और जल निकासी व्यवस्था को मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही नालों-नालियों की सफाई, अतिक्रमण हटाने और अवरुद्ध जल मार्गों को सुधारने का कार्य वर्षा से पहले पूरा करने को कहा गया है।
निगमायुक्त ने साफ चेतावनी दी कि यदि लापरवाही के कारण कहीं जलभराव की समस्या उत्पन्न हुई, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







