
कटनी में नगर निगम की मेयर इन काउंसिल की अहम बैठक में शहर के विकास से जुड़े कई बड़े फैसले लिए गए हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट से लेकर प्रधानमंत्री आवास योजना और संपत्ति कर वृद्धि तक, कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई कटनी नगर निगम की मेयर इन काउंसिल की बैठक बुधवार 25 मार्च को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में निगमायुक्त तपस्या परिहार सहित MIC सदस्य और सभी विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में शहर के विकास, जनसुविधाओं और योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर सर्वसम्मति से निर्णय लिए गए।

वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए अब इसे अंतिम स्वीकृति के लिए परिषद के पास भेज दिया गया है। इस बजट में नगर विकास, सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष फोकस रखा गया है। खास बात यह रही कि बजट में शव वाहन और लावारिस शव वाहन की व्यवस्था के लिए भी प्रावधान किया गया है, जिससे मानवीय सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सके।
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत बीएलसी घटक में कुल 258 हितग्राहियों की सूची को मंजूरी दी गई इनमें 123 आवेदनों पर कोई आपत्ति नहीं आने के बाद उन्हें पात्र माना गया, जबकि 135 नए हितग्राहियों को भी स्वीकृति के लिए आगे बढ़ाया गया है।
आईएचएसडीपी योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को अब आपसी सहमति से आवंटित मकानों की अदला-बदली की सुविधा भी मिलेगी, जिससे उन्हें अधिक सुविधा मिल सकेगी बैठक में शासन निर्देशानुसार संपत्तिकर में 10% तक वृद्धि के प्रस्ताव को भी मंजूरी देते हुए परिषद के पास भेजा गया यह वृद्धि कलेक्टर गाइडलाइन के अनुसार अलग-अलग क्षेत्रों में लागू की जाएगी इसके अलावा मुख्यमंत्री अधोसंरचना योजना के तहत 8 करोड़ रुपये की लागत से सड़क, नाली, चौराहों के सौंदर्यीकरण और माधवनगर गेट के निर्माण कार्यों को भी हरी झंडी दी गई।
कुल मिलाकर, नगर निगम की इस बैठक में शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई अहम फैसले लिए गए हैं, जिनका असर आने वाले समय में सीधे तौर पर जनता को मिलेगा।







