
कटनी में अब यातायात नियम तोड़ना आसान नहीं होगा। जिला पुलिस ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को हाईटेक बनाते हुए ई-चालान प्रणाली पूरी तरह सक्रिय कर दी है। अब शहर के प्रमुख चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरे हर उल्लंघन पर पैनी नजर रखेंगे।
जिला पुलिस द्वारा शहर में आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए ई-चालान व्यवस्था लागू कर दी गई है। अब नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों को मौके पर रोकना जरूरी नहीं होगा। हाई-डेफिनिशन कैमरे हर गतिविधि रिकॉर्ड करेंगे यदि कोई वाहन चालक बिना हेलमेट चलता है, रेड लाइट जम्प करता है या रॉन्ग साइड वाहन चलाता है, तो उसकी पूरी जानकारी सिस्टम में दर्ज होगी। वाहन नंबर के आधार पर मालिक की पहचान कर सीधे पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ई-चालान भेज दिया जाएगा पुलिस का कहना है कि इस नई व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ेगी और मानवीय हस्तक्षेप कम होगा। तकनीक के माध्यम से यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
“नियमों का पालन करना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है। अब किसी भी तरह की लापरवाही पर सीधे डिजिटल कार्रवाई की जाएगी।”
कटनी पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें। क्योंकि अब कैमरों की तीसरी आंख हर उल्लंघन पर नजर रख रही है। सुरक्षित चलें, जिम्मेदार बनें और कानून का सम्मान करें।






