
न्यूज़ वॉइस ऑफ इंडिया
कटनी।ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी का बढ़ता चलन अब युवाओं के लिए गंभीर सामाजिक खतरा बनता जा रहा है। बाकल थाना क्षेत्र के पिपरिया गांव से सामने आए एक मामले ने इस लत की भयावह तस्वीर उजागर कर दी है, जहाँ महज 20 वर्षीय युवक ने ऑनलाइन गेमिंग के चक्कर में परिवार की वर्षों की जमा-पूंजी दांव पर लगा दी।
मिली जानकारी के अनुसार पिपरिया गांव निवासी मोनू पटेल (20) को ‘टोपेक्स’ जैसे ऑनलाइन गेम खेलने की लत लग गई थी। शुरुआत में छोटी जीत से उत्साहित युवक धीरे-धीरे बड़ी रकम लगाने लगा। देखते ही देखते परिवार के लाखों रुपये इस ऑनलाइन खेल में खर्च हो गए।
परिजनों पर बना रहा दबाव
जब परिजनों ने युवक को और पैसे देने से मना किया तो उसका व्यवहार आक्रामक हो गया। युवक मानसिक दबाव बनाने लगा, जिससे पूरा परिवार तनाव और भय के माहौल में जीने को मजबूर हो गया। हालात बिगड़ते देख परिजनों ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
कटनी पुलिस की कार्रवाई
परिजनों की शिकायत पर बाकल पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक के खिलाफ धारा 151 के तहत मामला दर्ज किया। थाना प्रभारी शिवा पाठक ने बताया कि युवक को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया है। जांच में यह पुष्टि हुई है कि ऑनलाइन गेमिंग की लत के कारण युवक ने बड़ी राशि गंवाई और परिवार को परेशान कर रहा था।
कैसे फंसाते हैं ऑनलाइन गिरोह
स्थानीय लोगों और जानकारों के अनुसार ऑनलाइन गेमिंग व सट्टेबाजी से जुड़े गिरोह युवाओं को पहले छोटी जीत का लालच देकर फंसाते हैं। इसके बाद बड़े निवेश के लिए उकसाया जाता है और अंततः खिलाड़ी आर्थिक नुकसान, कर्ज और मानसिक तनाव के दलदल में फंस जाता है।
पुलिस प्रशासन की अपील
पुलिस और प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें। संदिग्ध ऐप्स, लिंक और ऑनलाइन सट्टेबाजी से दूर रहने के लिए समय रहते जागरूक करें, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।






