
कटनी (21 दिसंबर)। नगर विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मदन मोहन चौबे वार्ड में नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने हेतु रविवार को लगभग 13 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रीति संजीव सूरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ क्षेत्रीय पार्षद सुशीला मिश्रीलाल सहित वार्ड के नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
भूमिपूजन अवसर पर मेयर इन काउंसिल सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू सहित पार्षद सुमित्रा रावत, प्रभा गुप्ता, शशिकांत तिवारी, उमेंद्र अहिरवार एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इन विकास कार्यों की मिली सौगात
भूमिपूजन कार्यक्रम के अंतर्गत—भूमि प्रगट शारदा माता मंदिर के पास लगभग 2.50 लाख रुपये की लागत से रोड निर्माण कार्य,मदन मोहन चौबे वार्ड के विभिन्न स्थानों पर 5 लाख रुपये की लागत से नाला कवरिंग कार्य, बंधवा टोला क्षेत्र में कुएं के पास 6.50 लाख रुपये की लागत से नाली निर्माण कार्य शामिल हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, जल निकासी की समस्या का समाधान मिलेगा तथा स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी।
नागरिकों ने जताया आभार
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय नागरिकों ने महापौर एवं पार्षद का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया और वार्ड में कराए जा रहे विकास कार्यों के लिए नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
मूलभूत सुविधाएं हमारी प्राथमिकता : महापौर
अपने संबोधन में महापौर प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। विकास एक निरंतर प्रक्रिया है और नागरिकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आगे भी विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने विकास कार्यों के दौरान निगम प्रशासन को सहयोग देने का आग्रह भी नागरिकों से किया।
कार्यक्रम के पश्चात महापौर सहित सभी जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने भूमि प्रगट शारदा माता मंदिर में दर्शन कर नगरवासियों के सुख-समृद्धि एवं विकास की कामना की।
इस अवसर पर क्षेत्रीय उपयंत्री संजय मिश्रा सहित स्थानीय गणमान्य नागरिक कल्पना रजक, रीना सरकार, संगीता लोधी, सुनीता गुप्ता, जयश्री बर्मन, पूजा रजक, लक्ष्मी रजक एवं अन्नू रजक उपस्थित






