“लोक अदालत में रिकॉर्ड वसूली: नगर निगम कटनी को 2.24 करोड़ से अधिक का राजस्व” 

कटनी। नागरिकों को नगर निगम के बकाया करों के भुगतान पर शासन निर्देशानुसार अधिभार में छूट देने के उद्देश्य से शनिवार को आयोजित लोक अदालत में ऐतिहासिक सफलता दर्ज की गई। प्रीति संजीव सूरी एवं निगमायुक्त तपस्या परिहार की सतत मॉनिटरिंग, अधिकारियों-कर्मचारियों के उत्कृष्ट टीमवर्क और नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से नगर निगम कटनी के कोष में 2 करोड़ 24 लाख रुपये से अधिक की राजस्व वसूली संभव हो सकी।

निगमायुक्त ने किया शिविरों का निरीक्षण, दिए जरूरी निर्देश

निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने प्रातः 11 बजे से माधवनगर उपकार्यालय एवं सुभाष चौक स्थित लोक अदालत शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद नागरिकों से संवाद कर वर्ष की अंतिम छूट का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया तथा शिविर प्रभारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए साथ ही, प्रत्येक घंटे की वसूली रिपोर्ट लेकर अधिकारियों को डोर-टू-डोर संपर्क बढ़ाने और लोक अदालत स्थल व छूट की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाने के टिप्स दिए गए। इस दौरान उपायुक्त शैलेश गुप्ता एवं राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक ने भी शिविरों का निरीक्षण कर मार्गदर्शन प्रदान किया।

देर रात तक जारी रही सेवा

वर्ष की अंतिम लोक अदालत का लाभ अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाने के लिए निगम का अमला देर रात तक शिविर स्थलों पर उपस्थित रहा, जिससे उपस्थित करदाताओं को बिना किसी असुविधा के छूट का लाभ मिल सका।

2593 रसीदें, 2.24 करोड़ से अधिक की वसूली

राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक ने जानकारी दी कि लोक अदालत में बड़ी संख्या में करदाताओं ने सहभागिता की अंतिम आंकड़ों के अनुसार—कुल रसीदें: 2,593,कुल राजस्व: ₹2,24,47,128,संपत्ति कर: 1,684 रसीदें – ₹1,35,67,684,जलकर: 909 रसीदें – ₹88,79,444 इस उपलब्धि के साथ नगर निगम कटनी प्रदेश स्तर पर वसूली के मामले में शीर्ष आठ नगर निगमों में शामिल हो गया है।

नागरिकों का आभार

महापौर प्रीति संजीव सूरी, निगमाध्यक्ष मनीष पाठक एवं निगमायुक्त तपस्या परिहार ने इस सफलता के लिए निगम के समस्त अधिकारियों-कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन सभी नागरिकों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने लोक अदालत का लाभ उठाकर नगर विकास में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING