मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य ढांचा मजबूत करने CM मोहन यादव दिल्ली रवाना, चार नए मेडिकल कॉलेजों के भूमि-पूजन का देंगे निमंत्रण

भोपाल। मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को नए आयाम देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दिल्ली के लिए रवाना हुए। मुख्यमंत्री वहां केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा से भेंट कर प्रदेश में प्रस्तावित चार मेडिकल कॉलेजों के भूमि-पूजन कार्यक्रम के लिए आमंत्रित करेंगे।

राज्य सरकार पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर पन्ना, बैतूल, कटनी और धार में नए मेडिकल कॉलेज स्थापित कर रही है। इन कॉलेजों के निर्माण से प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाएँ और अधिक सुदृढ़ होंगी, साथ ही चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं के लिए नए अवसर भी खुलेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव का कहना है कि इन मेडिकल कॉलेजों के संचालित होने से आदिवासी व दूरस्थ अंचलों में आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँच सकेंगी। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के हर जिले में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध हों।

भूमि-पूजन कार्यक्रम की अंतिम तिथि केंद्रीय मंत्री नड्डा की सहमति के बाद जल्द घोषित की जाएगी।

 

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING