
स्लीमनाबाद। थाना स्लीमनाबाद में पदस्थ एएसआई बृजेंद्र उर्मालिया के खिलाफ स्थानीय महिला हंसा ठाकुर ने गंभीर आरोप लगाते हुए कटनी एसपी कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान लिखित शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने एएसआई पर अनुचित संदेश भेजने, आपत्तिजनक वार्ता करने, ब्लैकमेल की कोशिश करने और पद के दुरुपयोग जैसे गंभीर व संवेदनशील आरोप लगाए हैं। मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में पुलिस के आचरण को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
शिकायत में हंसा ठाकुर ने कहा कि एएसआई बृजेंद्र उर्मालिया ने उन्हें कई बार फोन पर अनुचित मैसेज भेजे और आपत्तिजनक बातें कहीं, जिससे वे मानसिक रूप से परेशान हो गईं। महिला के मुताबिक, उनके पति की आंखों की बीमारी का फायदा उठाकर एएसआई ने उन्हें थाने बुलाने का दबाव बनाया और लगातार संपर्क कर अनुचित टिप्पणियाँ कीं।
हंसा ठाकुर का कहना है कि एएसआई अक्सर उनके आने–जाने पर नजर रखते थे, पूछताछ करते थे कि वे कहाँ और किससे मिलने जा रही हैं, जिससे वे असहज और भयभीत महसूस करती थीं।
इतना ही नहीं, महिला ने यह भी आरोप लगाया कि एएसआई ने उनके देवर के माध्यम से 4 लाख रुपये की मांग करने और उन पर झूठा आरोप लगाने की कोशिश की। शिकायत में कहा गया कि एएसआई के इस रवैये ने उनकी इज्जत, मान–मर्यादा और सामाजिक छवि को गंभीर नुकसान पहुंचाया है।
महिला ने मांग की है कि एएसआई बृजेंद्र उर्मालिया को तुरंत थाना स्लीमनाबाद से हटाया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष व सख्त जांच कराई जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव से भी हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।






