शक्तिपुंज में सवार हुआ युवक गायब, CCTV में दिखा पर अब तक तीन दिन से कोई सुराग नहीं

जबलपुर/कटनी।
शक्तिपुंज एक्सप्रेस से जबलपुर से बैढ़न के लिए सफर कर रहा एक 30 वर्षीय युवक रहस्यमयी तरीके से लापता हो गया है। लापता युवक की पहचान कृष्णराज तिवारी, निवासी खैरा रामपुर, जिला सीधी के रूप में हुई है। वह 9 अक्टूबर की रात करीब 10.24 पर जबलपुर से शक्तिपुंज एक्सप्रेस में सवार हुआ था, लेकिन निर्धारित स्टेशन बैढ़न पर नहीं पहुंचा।

परिजनों के मुताबिक, युवक इटारसी में अपने भाई से मिलने गया था और लौटते समय जबलपुर से शक्तिपुंज में बैठा।जब वह बैढ़न नहीं पहुंचा तो चिंतित परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट कटनी जीआरपी थाने में दर्ज कराई गई, जहां से जीरो पर केस दर्ज कर डायरी जबलपुर जीआरपी को भेज दी गई है।सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जब परिजनों ने जबलपुर रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली, तो उसमें युवक स्पष्ट रूप से ट्रेन में सवार होता हुआ दिखाई दिया। मगर मोबाइल की आखिरी लोकेशन माधव नगर बताई जा रही है, जिसके बाद से उसका फोन बंद है।

30 वर्षीय ट्रेन से गायब युवक कृष्णराज तिवारी

इस पूरे मामले में जीआरपी की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। परिजनों का कहना है कि कटनी जीआरपी उन्हें जबलपुर भेज रही है और जबलपुर जीआरपी वापस कटनी भेज रही है।ऐसे में बीते तीन दिनों से परिजन अलग-अलग थानों और स्टेशनों के चक्कर काट रहे हैं लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।जब कटनी जीआरपी प्रभारी एल.पी. कश्यप से इस संबंध में पूछा गया, तो उन्होंने तत्काल माधव नगर के लिए एक टीम रवाना करने की बात कही है। वहीं युवक के परिजन रो-रो कर बेहाल हैं और अपने भाई की सलामती के लिए लगातार प्रयासरत हैं।यह मामला न केवल युवक की सुरक्षा से जुड़ा है, बल्कि रेल प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान खड़ा करता है। परिजन प्रशासन से युवक को जल्द से जल्द खोजने की गुहार लगा रहे हैं।

 

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING