
कटनी। स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम संसारपुर में शराब ठेकेदार की दबंगई का खौफनाक चेहरा सामने आया। ग्रामीणों के अनुसार, लंबे समय से हो रही अवैध पैकारी का विरोध करना गांव वालों को भारी पड़ गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर ठेकेदार मंचू असाटी ने कार चढ़ा दी, जिससे कई ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए।
वाहन से भरी निकली देसी शराब
ग्रामीणों का दावा है कि जिस कार से लोगों को कुचला गया, उसमें देसी शराब की पेटियाँ भरी हुई थीं। यही शराब आसपास के गांवों में पैकारी के जरिए बेची जाती है।
शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं
गांव के लोग कई बार प्रशासन और पुलिस से पैकारी बंद करने की गुहार लगा चुके थे, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की नाक के नीचे खुलेआम अवैध शराब का कारोबार चल रहा है और ठेकेदार की दबंगई दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है।
पुलिस पहुँची, घायलों को भेजा अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही स्लीमनाबाद पुलिस मौके पर पहुँची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है, लेकिन ग्रामीणों में पुलिस की कार्यवाही को लेकर गहरा आक्रोश है।
ग्रामीणों की चेतावनी
ग्रामीणों का साफ कहना है कि जब तक ठेकेदार मंचू असाटी और उसके गुर्गों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन और तेज होगा। उनका आरोप है कि ठेकेदार गाँव-गाँव में पैकारी का जाल फैला रहा है, जिससे युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में आ रही है।






