
कटनी। बरही थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां बीते बुधवार सुबह से लापता चल रहे 55 वर्षीय गल्ला व्यापारी शारदा प्रसाद अग्रवाल का शव आज खजुरा नाले से बरामद हुआ है।व्यापारी के लापता होने की खबर ने बुधवार से ही पूरे बरही क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया था। परिजनों के अनुसार, वे रोज की तरह सुबह करीब 10 बजे घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद उनका कोई सुराग नहीं मिला।चिंतित परिजनों ने जब तलाश शुरू की और कोई खबर नहीं मिली तो बरही थाना पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गुमशुदगी दर्ज की और खोजबीन शुरू की। इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल बरही-गैरतलाई मार्ग के पास स्थित खजुरा नाला के किनारे लावारिस हालत में मिली।
इससे अनहोनी की आशंका और गहराने लगी। पुलिस ने तुरंत गोताखोरों की मदद से खजुरा नाले और आसपास के जलभराव क्षेत्र में सर्च अभियान शुरू किया। पूरे घटनास्थल पर पुलिस और प्रशासनिक अमला तैनात रहा और धीरे-धीरे क्षेत्रीय लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए।घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आखिरकार व्यापारी शारदा अग्रवाल का शव नाले से बरामद कर लिया गया।
शैलेंद्र सिंह बरही थाना प्रभारी कटनी
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है – क्या यह हादसा है या किसी आपराधिक साजिश की परतें खुलनी बाकी हैं, यह तो जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। परिजनों की स्थिति बेहद दयनीय है और पूरे बरही क्षेत्र में शोक की लहर है।







