“त्योहार से पहले अवैध गैस कारोबार पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, 100 सिलिंडर जब्त; दो गोदाम सील!”

कटनी। त्योहारों के सीजन में आम जनता की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने अवैध एलपीजी गैस भंडारण और कारोबार के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को खाद्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने बरगवां क्षेत्र में संचालित यादव गैस एजेंसी के दो ठिकानों पर अचानक छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान वाहन सहित 100 खाली और भरे हुए गैस सिलिंडर जब्त किए गए, वहीं दो गोदामों को सील कर दिया गया।

मुखबिर की सूचना पर पहली कार्रवाई

प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना मिली थी कि बरगवां क्षेत्र में संदीप यादव की यादव गैस एजेंसी द्वारा कॉफी हाउस के पीछे खदान के पास बिना वैधानिक अनुमति के गैस सिलिंडरों का भंडारण किया जा रहा है। यहां से घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की सप्लाई किए जाने की भी जानकारी मिली थी।

सूचना मिलते ही खाद्य, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान भंडारण और वितरण से संबंधित आवश्यक लाइसेंस एवं स्वीकृतियां प्रस्तुत नहीं किए जाने पर टीम ने वाहन सहित 100 खाली और भरे गैस सिलिंडर जब्त कर लिए।

दूसरे गोदाम पर भी प्रशासन का शिकंजा

इसके बाद टीम बारडोली कॉलेज के पीछे दानव बाबा के पास स्थित एजेंसी के दूसरे गोदाम पर पहुंची। यहां भी बड़ी संख्या में गैस सिलिंडर और वाहन रखे मिले। बताया गया कि कार्रवाई की भनक लगते ही एजेंसी संचालक मौके से फरार हो गया। जांच के दौरान संचालक उपस्थित नहीं मिला। प्रशासन ने इस गोदाम को भी सील कर दिया।

इन अधिकारियों ने की कार्रवाई

संयुक्त कार्रवाई में तहसीलदार आकाश नीरज, खाद्य निरीक्षक सुनील किरार, यज्ञदत्त त्रिपाठी, नागेश्वर श्रीवास सहित रंगनाथ नगर थाना पुलिस बल मौजूद रहा।त्योहारी सीजन में गैस सिलिंडरों के अवैध भंडारण से आगजनी और अन्य गंभीर हादसों की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने यह कार्रवाई की है। अधिकारियों का कहना है कि आम जनता की सुरक्षा के मद्देनजर अवैध गैस भंडारण और वितरण के खिलाफ आगे भी लगातार जांच एवं कार्रवाई जारी रहेगी।

अब देखना होगा कि जांच के बाद इस पूरे मामले में संबंधित एजेंसी संचालक के खिलाफ क्या वैधानिक कार्रवाई की जाती है।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING