“स्लीमनाबाद रेलवे स्टेशन पर आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल, रेल हादसे की स्थिति में राहत-बचाव तैयारियों का हुआ परीक्षण”

कटनी/स्लीमनाबाद। रेल हादसों की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जबलपुर रेल मंडल द्वारा 5 नवंबर 2026 को स्लीमनाबाद रेलवे स्टेशन पर व्यापक आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान टावर वैगन के पटरी से उतरने और रेलकर्मियों के घायल होने का काल्पनिक दृश्य तैयार कर रेलवे की आपातकालीन तैयारियों को परखा गया।

मॉक ड्रिल के तहत दोपहर 1:10 बजे स्लीमनाबाद स्टेशन के पॉइंट नंबर 101 पर टावर वैगन के डिरेलमेंट की सूचना का अभ्यास किया गया। काल्पनिक दुर्घटना के चलते अप और डाउन दोनों दिशाओं में रेल यातायात प्रभावित होना दर्शाया गया। सूचना मिलते ही रेलवे का आपातकालीन तंत्र सक्रिय किया गया और राहत एवं बचाव संसाधनों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। अभ्यास के दौरान कछपुरा और कटनी जंक्शन से टावर वैगन, जबकि जबलपुर एवं न्यू कटनी जंक्शन से दुर्घटना राहत ट्रेन (ART) और दुर्घटना राहत चिकित्सा वैन (ARMV) भेजी गईं।

मौके पर पहुंचे वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी, मंडल इंजीनियर (मध्य) एवं सहायक मंडल इंजीनियर (कटनी) सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, संसाधनों की उपलब्धता और आपातकालीन परिस्थितियों में कर्मचारियों की तत्परता का मूल्यांकन किया गया।दोपहर 1:50 बजे वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी द्वारा आधिकारिक रूप से मॉक ड्रिल की घोषणा की गई। अभ्यास में सायरन रिस्पांस टाइम, राहत ट्रेन एवं चिकित्सा वैन के रवाना होने का समय तथा घटनास्थल पर पहुंचने और राहत कार्य शुरू करने की तैयारियों को परखा गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस तरह के अभ्यास का उद्देश्य संभावित दुर्घटनाओं के दौरान त्वरित, सुरक्षित और प्रभावी राहत-बचाव व्यवस्था सुनिश्चित करना है। जबलपुर रेल मंडल द्वारा रेल यात्रियों की सुरक्षा और रेल परिचालन की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए आपदा प्रबंधन संबंधी तैयारियों को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING