
जबलपुर।दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पश्चिम मध्य रेल प्रशासन ने विशेष ट्रेनों के संचालन की तैयारी की है। यात्रियों की सुविधा और नियमित ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम करने के लिए विभिन्न प्रमुख मार्गों पर कुल 100 स्पेशल ट्रेन सेवाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें दानापुर, हजरत निजामुद्दीन, हरिद्वार, रानी कमलापति, सतना और डॉ. अंबेडकर नगर जैसे प्रमुख गंतव्य शामिल हैं। त्योहारी सीजन में यात्रियों को राहत देने के लिए रेलवे ने कई विशेष ट्रेनों का संचालन निर्धारित किया है। रानी कमलापति-दानापुर, सोगरिया-दानापुर, जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन और जबलपुर-हरिद्वार के बीच स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इसके अलावा रीवा-रानी कमलापति और रीवा-डॉ. अंबेडकर नगर मार्ग पर भी विशेष ट्रेन सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वही कटनी और सतना के यात्रियों के लिए भी विशेष सुविधा दी गई है। कटनी-सतना-कटनी के बीच 10 अक्टूबर से 22 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन अनारक्षित स्पेशल ट्रेन संचालित की जा रही है। ट्रेन संख्या 09015 कटनी से सुबह 5 बजकर 45 मिनट पर रवाना होकर सुबह 8 बजकर 45 मिनट पर सतना पहुंचेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 09016 सतना से शाम 6 बजकर 30 मिनट पर रवाना होकर रात 8 बजकर 50 मिनट पर कटनी पहुंचेगी।
रेलवे की इन विशेष सेवाओं से यात्रियों को त्योहारों के दौरान अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा मिलने की उम्मीद है। अलग-अलग ट्रेनों के ठहराव में जबलपुर, कटनी, मैहर, सतना, दमोह, सागर और अन्य प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। ट्रेनों के कोच संयोजन और यात्रा कार्यक्रम की जानकारी संबंधित ट्रेन के अनुसार अलग-अलग है।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन का समय, ठहराव और टिकट की उपलब्धता जरूर जांच लें। आरक्षित टिकट IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट या कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों से बुक किए जा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए NTES ऐप, enquiry.indianrail.gov.in वेबसाइट या रेल मदद हेल्पलाइन नंबर 139 का उपयोग किया जा सकता है।






