
कटनी जिले में जुआ और सट्टे जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में बड़वारा पुलिस ने कांबिंग गश्त के दौरान दो अलग-अलग गांवों में संचालित जुआ फड़ों पर दबिश देकर 8 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 5 हजार रुपये की जुआ राशि भी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में 30 अगस्त की रात बड़वारा पुलिस क्षेत्र में कांबिंग गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को ग्राम रोहनिया और ग्राम भुड़सा में जुआ खेले जाने की सूचना मिली।
सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम रोहनिया में दबिश देकर पुष्पराज कचेर, विनोद उर्फ रानू गुप्ता और पंकज सोनी को जुआ खेलते हुए पकड़ा। तीनों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। वहीं ग्राम भुड़सा में दूसरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने श्यामलाल कोल, राजभान रावत, दीपक कोल, बृजभान सिंह और गुड्डा कोल को गिरफ्तार किया। इनके खिलाफ भी जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार दोनों जुआ फड़ों से कुल 5 हजार रुपये की जुआ राशि बरामद की गई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बड़वारा पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध जुआ गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जुआ और सट्टे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।






