
कटनी। जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा आमजन में सुरक्षा का भाव बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने पुलिस कंट्रोल रूम में अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को ग्राउंड पुलिसिंग मजबूत करने, अपराधों की वैज्ञानिक तरीके से विवेचना करने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
एसपी ने संपत्ति संबंधी अपराधों की जांच में सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद लेने पर जोर दिया। साथ ही CCTNS, e-Sakshya, e-FIR और टैब के माध्यम से पुलिसिंग को डिजिटल एवं पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए।
नशा तस्करों और ड्रिंक एंड ड्राइव पर सख्ती
NDPS के कमर्शियल मात्रा वाले मामलों में पूरे नेटवर्क की पहचान कर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत सघन चेकिंग अभियान चलाने की बात कही गई।
लोक शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों पर समय रहते प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और बाउंड ओवर की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
जनसुनवाई और सीएम हेल्पलाइन पर विशेष जोर
एसपी ने जनसुनवाई एवं सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों को वर्दी, बॉडी वार्न कैमरा और रिफ्लेक्टर का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा आमजन से विनम्र व्यवहार रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में गुम बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, डीएसपी रत्नेश मिश्रा, डीएसपी शिवा पाठक, एसडीओपी वीरेंद्र धार्वे, एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी, रक्षित निरीक्षक संध्या राजपूत सहित जिले के सभी थाना प्रभारी एवं विवेचक मौजूद रहे।







