“चोर-लुटेरों पर कटनी पुलिस का बड़ा शिकंजा, आदतन अपराधियों की हुई सख्त निगरानी” 

कटनी। जिले में चोरी, झपटमारी और लूट जैसी संपत्ति संबंधी वारदातों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से कटनी पुलिस ने एक बड़ा और विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में 30 जून 2026 को शहर के सभी थाना क्षेत्रों में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और रेलवे पुलिस (जीआरपी) के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई।

इस अभियान के तहत पुलिस द्वारा पूर्व से चिन्हित ऐसे आदतन अपराधियों को थानों में बुलाया गया, जिनके खिलाफ चोरी, झपटमारी और लूट जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं। पुलिस ने इन अपराधियों की वर्तमान गतिविधियों का सत्यापन किया और भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में शामिल न होने की कड़ी चेतावनी दी।

पुलिस अधिकारियों ने सभी चिन्हित अपराधियों का विस्तृत डोजियर तैयार कर उनका डिजिटल रिकॉर्ड भी संधारित किया, ताकि उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सके। अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हो रही चोरी और लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाना, रेलवे स्टेशन एवं रेलवे आउटर क्षेत्र में होने वाली मोबाइल चोरी और झपटमारी जैसी वारदातों को रोकना तथा अपराधियों की सतत निगरानी सुनिश्चित करना रहा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अपराध में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस विशेष संयुक्त अभियान का संचालन पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुश्री नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में किया गया। अभियान को सफल बनाने में कोतवाली, माधवनगर, कुठला, एनकेजे और रंगनाथनगर थाना प्रभारियों सहित रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), रेलवे पुलिस (जीआरपी) एवं समस्त पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING