“कटनी में फिर चाकूबाजी: युवक पर जानलेवा हमला, गंभीर हालत में किया गया युवक को रेफर” 

कटनी जिले में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र के मंगल नगर से सामने आया है, जहां एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान कन्हैया गोंड पिता लाल बहादुर गोंड के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि घटना के समय घर की महिलाएं स्नान कर रही थीं। इसी दौरान रमेश यादव नामक व्यक्ति, जो कथित रूप से शराब के नशे में था, घर के पास पहुंचकर अभद्र हरकतें करने लगा। जब परिवार के लोगों ने उसे ऐसा करने से रोका तो वह गाली-गलौज करने लगा। इसी बीच रमेश यादव का पुत्र रितेश यादव मौके पर पहुंचा और विवाद बढ़ने पर उसने कन्हैया गोंड पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से कन्हैया गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।

जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद रंगनाथ नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है। लगातार बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाएं शहर की कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रही हैं।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING