
जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल में प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण नियुक्ति हुई है। भारतीय रेल विद्युत सेवा के वरिष्ठ अधिकारी अभय कुमार गुप्ता ने 16 जून 2026 को अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन एवं इन्फ्रा) के पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। अभय कुमार गुप्ता इससे पहले पूर्व रेलवे के कंचरापारा वर्कशॉप में उप मुख्य विद्युत अभियंता (लोको) के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। इसके अलावा वे पूर्व रेलवे में वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य) के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। वर्ष 2006 बैच के भारतीय रेल विद्युत सेवा (आईआरएसईई) अधिकारी श्री गुप्ता ने वर्ष 2001 में आईआईटी रुड़की से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक. की डिग्री हासिल की है। अपने लंबे सेवाकाल में उन्होंने भारतीय रेल के विभिन्न मंडलों और जोनों में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सफलतापूर्वक निभाई हैं।
रेलवे सेवाओं के अलावा अभय कुमार गुप्ता केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण, विद्युत मंत्रालय में सहायक निदेशक के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जहां उन्होंने ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों का संचालन किया।
जबलपुर रेल मंडल में पदभार ग्रहण करने के बाद श्री गुप्ता ने मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान अधिकारियों ने उनका स्वागत करते हुए नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।






