
कटनी।कटनी कुठला थाना क्षेत्र के लमतरा के पास एक भीषण सड़क हादसे में यात्रियों से भरी बस ट्रक से टकराकर पलट गई। हादसे में बस में सवार तीन दर्जन से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं, जबकि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीन लोगों की मौत की खबर भी सामने आ रही है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहत-बचाव कार्य जारी है।
जानकारी के अनुसार कैमोर की ओर जा रही एक यात्री बस, जिसमें लगभग 35 से 40 लोग सवार थे, कटनी जिले के कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत लमतरा के समीप एक ट्रक से सीधे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस के पलटते ही कई यात्री उसके अंदर फंस गए थे, जिन्हें स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से बाहर निकाला गया। घटना में तीन दर्जन से अधिक यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल एवं आसपास के स्वास्थ्य केंद्रों में भेजा गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत होने की भी सूचना है, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए तथा राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।








