
कटनी।कटनी जिले की कुठला थाना पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। एक ओर पुलिस ने महज कुछ घंटों में 15 लाख रुपये कीमत का चोरी गया ट्रक बरामद कर लिया, तो वहीं समर्सिबल पम्प चोरी मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अखलेश दाहिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों मामलों का खुलासा किया पहले मामले में कैलवारा कला निवासी रामजी पटेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका अशोक लीलैंड ट्रक, जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपये है, पटेल ढाबा के पास से चोरी हो गया है। मामला दर्ज होते ही पुलिस सक्रिय हुई और ट्रक में लगे जीपीएस सिस्टम की मदद से उसकी लोकेशन सरलानगर-भदनपुर मार्ग पर ट्रेस की गई। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जिला मैहर क्षेत्र से चोरी गया ट्रक बरामद कर लिया। फिलहाल मामले में शामिल अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है।
वहीं दूसरे मामले में चाका निवासी शुभम बर्मन ने अपने पम्प हाउस से समर्सिबल पम्प और अन्य सामान चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी आकाश यादव, निवासी लमतरा फाटक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी गया समर्सिबल पम्प बरामद कर लिया गया है। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को जिला जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक विनोद सिंह, प्रधान आरक्षक अजीत मिश्रा, सुनील पाण्डेय, नरेन्द्र पटेल, ताहिर खान तथा आरक्षक मनोज सिंह, विजय प्रजापति, पुष्पेन्द्र त्रिपाठी और दुर्गेश सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की तत्परता और उत्कृष्ट कार्य की सराहना की है।






