
Newsvoiceofindia/
जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल अंतर्गत रविवार 24 मई 2026 को जबलपुर रेलवे स्टेशन पर जबलपुर-पुणे एवं जबलपुर-बांद्रा साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनों के नियमित संचालन के शुभारंभ अवसर पर भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और रेलवे अधिकारियों की मौजूदगी में ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
समारोह के दौरान जबलपुर-पुणे ट्रेन संख्या 20162/20161 तथा जबलपुर-बांद्रा ट्रेन संख्या 20164/20163 के नियमित संचालन की शुरुआत की गई। इस नई रेल सेवा के शुरू होने से मध्य प्रदेश से महाराष्ट्र जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश शासन के लोक निर्माण विभाग के कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह, राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीक, लोकसभा सांसद आशीष दुबे, विधायक अजय विश्नोई, विधायक अशोक रोहाणी, विधायक नीरज सिंह लोधी एवं विधायक संतोष वरकड़े सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
रेलवे प्रशासन की ओर से मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा, अपर मंडल रेल प्रबंधक आनंद कुमार एवं दिनेश कुमार कलामे, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा और शशांक गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी समारोह में शामिल हुए।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जबलपुर से पुणे और बांद्रा के लिए नियमित ट्रेन सेवा शुरू होने से यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक आवागमन मिलेगा। साथ ही क्षेत्रीय विकास, व्यापारिक गतिविधियों और पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।
जबलपुर रेल मंडल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक, रेल उपभोक्ता एवं मीडिया प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।








