“वन विभाग की फेंसिंग जाली चोरी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बाइक समेत माल किया जब्त” 

कटनी जिले के ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र में वन विभाग की फेंसिंग जाली चोरी करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की जाली और दो मोटरसाइकिल जब्त करते हुए सभी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया  पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा द्वारा जिले में अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं एसडीओपी आंकाक्षा चतुर्वेदी के निर्देशन में ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के नेतृत्व में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वन क्षेत्र से फेंसिंग जाली चोरी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार 21 मई 2026 को फरियादी रामकुशल मिश्रा ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि ग्राम खिरवा पोड़ी स्थित वन कक्ष पीएफ 297 एनपीबी में लगी फेंसिंग जाली को कुछ लोग चोरी कर रहे हैं। यह सूचना वनरक्षक अंकित गौतम द्वारा पुलिस को दी गई थी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम और वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और घेराबंदी कर चार आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में प्रदीप यादव, उमाकांत यादव, राजकुमार यादव एवं सुरेश प्रसाद यादव शामिल हैं, जो सभी ग्राम खिरवा पोड़ी के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फेंसिंग जाली के दो बंडल, जिसकी कीमत लगभग 10 हजार रुपये बताई जा रही है, तथा दो मोटरसाइकिलें, जिनकी कीमत करीब 55 हजार रुपये है, जब्त की हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे, उपनिरीक्षक सुरेश चौधरी, आरक्षक कमोद कोल एवं आरक्षक अजय धुर्वे की विशेष भूमिका रही।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING