
कटनी। दिनांक 10.04.2026 को उपनिरीक्षक सुरभि ठाकुर ने अपने स्टाफ—आरक्षक मनीष प्यासी, राजेश चंद एवं रुद्र नारायण पटेल—के साथ मुखबिर की सूचना पर रेलवे के कॉपर केबल चोरी करने वाले आरोपियों की धरपकड़ के लिए गुप्त निगरानी रखी। इसी दौरान कटनी मुड़वारा–न्यू मझगवां फाटक के बीच कटनी नदी ब्रिज पर चार संदिग्ध व्यक्तियों को केबल चोरी करते हुए रंगे हाथों लगभग दोपहर 12:20 बजे गिरफ्तार किया गया।
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बताए नाम —
एलीसा पॉल उर्फ आसू (45 वर्ष) दुर्गा प्रसाद बर्मन उर्फ गोलू (27 वर्ष) आकाश सोनखरे (28 वर्ष) पियुष पॉल उर्फ लक्की (19 वर्ष) सभी निवासी आजाद चौक, बाबली टोला, थाना सिटी कोतवाली, जिला कटनी वहीं एक आरोपी शरद बर्मन मौके से फरार बताया गया है।

जांच के दौरान मामले से जुड़े रिसीवर मदन कुमार ताम्रकार (53 वर्ष), निवासी आजाद चौक, कटनी, के पास से 8.5 किलोग्राम तांबे की कॉपर वायर (कीमत लगभग 5,500 रुपये) भी बरामद कर जब्त की गई।
उक्त प्रकरण में रेलवे संपत्ति की चोरी पाए जाने पर आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 10/2026 के तहत धारा 3 आरपी (यूपी) एक्ट में मामला दर्ज कर जांच में लिया गया है। साथ ही पूर्व में 4, 5 और 7 अप्रैल 2026 को दर्ज अज्ञात मामलों को भी इस प्रकरण से जोड़कर जांच की जा रही है।
मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सुरभि ठाकुर द्वारा की जा रही है।







