
कटनी में वन्यजीवों की अवैध खरीद-फरोख्त पर रोक लगाने के लिए वन विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में वन अमले ने मुखबिर की सूचना पर कोतवाली थाना क्षेत्र के सब्जी मंडी इलाके से दो युवकों को पकड़कर कार्रवाई की है। दोनों आरोपी जंगल से जंगली तोते, जिन्हें स्थानीय भाषा में ‘मिठ्ठू’ कहा जाता है, पकड़कर अलग-अलग जगहों पर ले जाकर बेचने का काम करते थे। वन विभाग की टीम ने आरोपियों के पास से एक जंगली मिठ्ठू तोते को पिंजरे सहित बरामद किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी कई तोतों को बेच चुके थे। फिलहाल वन विभाग के अधिकारी इस पूरे मामले में आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजा तिवारी और चांद बाबू के रूप में हुई है। दोनों कोतवाली थाना क्षेत्र के बेलटघाट इलाके में रहते हैं। जानकारी के अनुसार चांद बाबू मूल रूप से उत्तर प्रदेश अमेठी का रहने वाला है। और फिलहाल राजा तिवारी के साथ बेलटघाट में रह रहा था। वन विभाग की टीम ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है।





