
कटनी। कटनी नगर निगम कार्यालय स्थित मेयर इन काउंसिल कक्ष में मंगलवार को आयोजित महापौर जनसुनवाई कार्यक्रम में नागरिकों की समस्याओं पर गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनवाई की गई।
सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक चली इस जनसुनवाई में विभिन्न वार्डों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएँ सीधे महापौर के समक्ष रखीं।
महापौर प्रीति संजीव सूरी ने प्रत्येक आवेदन पर व्यक्तिगत रूप से संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन मामलों का निराकरण तत्काल संभव है, उन्हें प्राथमिकता के साथ मौके पर ही हल किया जाए कार्यक्रम के दौरान कुल 44 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 16 प्रकरणों का त्वरित निराकरण कर नागरिकों को तुरंत राहत प्रदान की गई। शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई में जिन मुद्दों पर अधिक शिकायतें सामने आईं, उनमें शामिल रहे—सड़क मरम्मत,जल निकासी,पेयजल आपूर्ति,सफाई व्यवस्था अतिक्रमण,राजस्व प्रकरण,प्रमाण पत्र संबंधी समस्याएँ
महापौर ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि नागरिकों की समस्याओं को लंबित न रखा जाए और प्रत्येक आवेदन पर पारदर्शी व जवाबदेह कार्रवाई की जाए।
महापौर का स्पष्ट संदेश
महापौर प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि परिणाम देना है। उन्होंने घोषणा की कि प्रत्येक मंगलवार को नियमित रूप से जनसुनवाई आयोजित की जाएगी, ताकि आमजन की समस्याओं का त्वरित और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।







