
कटनी। शहरवासियों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। इस पहल के तहत, महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी के नेतृत्व में अब प्रत्येक मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में महापौर जनसुनवाई आयोजित की जाएगी जनसुनवाई का आयोजन मंगलवार 27 जनवरी से प्रारंभ होगा, जो प्रातः 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक नियमित रूप से आयोजित की जाएगी। इस दौरान आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे जनप्रतिनिधियों एवं निगम अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा।
महापौर जनसुनवाई में नागरिक स्वच्छता, जलापूर्ति, सड़क, प्रकाश व्यवस्था, अतिक्रमण, शासकीय योजनाओं एवं नगर निगम से जुड़ी अन्य व्यक्तिगत व सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित शिकायतें सीधे प्रस्तुत कर सकेंगे।
इस संबंध में उपायुक्त शैलेष गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी आवेदनों का विधिवत पंजीयन किया जाएगा तथा संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई हेतु निर्देशित किया जाएगा। साथ ही शिकायतों के निराकरण की सतत समीक्षा भी की जाएगी महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने स्पष्ट किया कि नगर निगम का उद्देश्य केवल समस्याएं सुनना नहीं, बल्कि उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाए, जिससे नागरिकों को बार-बार निगम कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। महापौर ने कहा कि यह पहल सुशासन, जवाबदेही और पारदर्शिता की दिशा में एक सशक्त कदम है, जिससे प्रशासन और नागरिकों के बीच विश्वास मजबूत होगा। जनसुनवाई के माध्यम से जनता की भागीदारी सुनिश्चित होगी और शहर के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी नगर निगम प्रशासन की इस पहल का शहरवासियों ने स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे उनकी समस्याओं का समाधान अब सरल और शीघ्र रूप से हो सकेगा।






