
कटनी। एनकेजे थाना क्षेत्र अंतर्गत सरस्वाही स्थित शासकीय कन्या शिक्षा परिसर की 6 छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ने से हड़कंप मच गया। छात्राओं को पेट दर्द, चक्कर और सीने में दर्द की शिकायत होने पर छात्रावास प्रबंधन द्वारा तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार छात्राओं ने सुबह नियमित रूप से नाश्ता किया था। इसके बाद दोपहर करीब 1 से 1:30 बजे के बीच एक-एक कर कई छात्राओं को पेट दर्द, चक्कर आने और घबराहट की शिकायत होने लगी। स्थिति बिगड़ने पर छात्रावास के शिक्षकों ने सभी छात्राओं को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
बताया जा रहा है कि भर्ती छात्राओं में से एक छात्रा को सांस लेने में भी परेशानी हो रही थी, जिसके चलते उसे जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है। अन्य छात्राओं का भी डॉक्टरों की निगरानी में उपचार किया जा रहा है।
जिला अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉ. राजीव द्विवेदी ने बताया कि छात्रावास से लाई गई छात्राओं को सांस लेने में परेशानी, पेट दर्द और चक्कर आने जैसी शिकायतें हैं। फिलहाल सभी का उपचार किया जा रहा है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि छात्राओं की तबीयत बिगड़ने का वास्तविक कारण क्या है।
फिलहाल अस्पताल प्रबंधन छात्राओं की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है, वहीं घटना के कारणों की जांच भी की जा रही है।







