
news voice of india/
कटनी जिले के माधवनगर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीती रात ग्राम गुलवारा के तिवारी मोहल्ला में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर में घुसकर अलमारी में रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण चोरी कर लिए और फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी प्रशांत तिवारी (उम्र 25 वर्ष), पिता लक्ष्मी प्रसाद तिवारी, निवासी ग्राम गुलवारा ने माधवनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। घटना 12 जनवरी की मध्यरात्रि से 13 जनवरी के बीच की बताई जा रही है, जब पूरा घर सूना पड़ा हुआ था। इसी का फायदा उठाकर बदमाशों ने सेंधमारी की।
चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने 14 जनवरी की रात थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए माधवनगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 52/26 दर्ज कर लिया है। पुलिस ने नए कानून बीएनएस की धारा 331(4) और 305ए के तहत प्रकरण दर्ज किया है, जो पूर्व में आईपीसी की धारा 457 और 380 के समकक्ष हैं।
फिलहाल मामले की विवेचना प्रधान आरक्षक पंकज त्रिपाठी कर रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए सामान की बरामदगी की जाएगी।






