अवैध भंडारण करने वालों में हड़कंप, संयुक्त जांच दल की बड़ी कार्रवाई भरी मात्रा में अनाज जब्त”  “कलेक्टर के निर्देश पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, दो गोदामों से की कार्यवाही धान एवं गेहूं जब्त” 

कटनी। न्यूज़ वॉइस ऑफ इंडिया। जिले में अवैध रूप से भंडारित धान और गेहूं पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर आशीष तिवारी के स्पष्ट निर्देशों के पालन में बुधवार को संयुक्त जांच दल ने बड़वारा तहसील में औचक निरीक्षण कर भारी मात्रा में धान और गेहूं जब्त किया।

खाद्य, राजस्व एवं कृषि उपज मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम अमाड़ी में किसान भारती बीज उत्पादक सहकारी सोसाइटी समिति मर्यादित, अमाड़ी के गोदाम से 1466 बोरियों में भंडारित 586.40 क्विंटल धान जब्त किया। वहीं गुप्ता ट्रेडर्स के गोदाम में अवैध रूप से रखे गए 1256 बोरियों में 502.40 क्विंटल धान तथा 78 बोरियों में 31.20 क्विंटल गेहूं को भी जब्त किया गया।

जब्त अनाज को मंडी अधिनियम के तहत कार्यवाही करते हुए संबंधितों की सुपुर्दगी में सौंपा गया है। साथ ही धान की उपज और भंडारण से जुड़े सभी वैध अभिलेख संबंधित व्यापारियों से तलब किए गए हैं।

जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि समर्थन मूल्य पर धान की बिक्री का अनुचित लाभ उठाने वाले व्यापारियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन की पैनी नजर ऐसे तत्वों पर लगातार बनी हुई है और लगभग प्रतिदिन संयुक्त जांच दल द्वारा कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में और भी बड़ी कार्रवाइयां प्रस्तावित हैं।

इस कार्रवाई के दौरान तहसीलदार श्री ऋषि गौतम, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री यज्ञदत्त त्रिपाठी एवं मंडी सहायक उपनिरीक्षक श्री विकास मिश्रा उपस्थित रहे।

— जिला प्रशासन की सख्ती से अवैध भंडारण करने वालों में हड़कंप

Leave a Comment