
कटनी। जिले के बसस्टैंड स्थित ऑडिटोरियम में शनिवार को “अभ्युदय मध्यप्रदेश” शीर्षक के साथ मध्यप्रदेश का 70वां स्थापना दिवस अत्यंत उत्साह और उल्लास के माहौल में मनाया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति सूरी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता मेहरा, कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, वन मंडलाधिकारी गौरव शर्मा, निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार, जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, निगमाध्यक्ष मनीष पाठक तथा पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यालयीन छात्र-छात्राओं द्वारा स्वरचित तालमेल में “मध्यप्रदेश गान” की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरा सभागार देशभक्ति और गर्व की भावना से गूंज उठा।
अभ्युदय मध्यप्रदेश समारोह में प्रदेश के विकास, सांस्कृतिक वैभव और जनकल्याण की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाले विविध कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। मंच से वक्ताओं ने “अटल संकल्प, आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश” के विज़न को दोहराते हुए प्रदेश को नई ऊँचाइयों पर ले जाने का आह्वान किया।कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान और जय मध्यप्रदेश के नारों के साथ हुआ।






