
कटनी। न्यूज़.वॉइस.ऑफ़.इंडिया/
संभागायुक्त धनंजय सिंह ने स्लीमनाबाद में संचालित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 3 का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व पोषण सेवाओं की वास्तविक स्थिति का मूल्यांकन किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने गर्भवती माताओं के पंजीयन, टीकाकरण तथा स्वास्थ्य जांच संबंधी अभिलेखों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी जानकारी समयबद्ध रूप से पोर्टल पर दर्ज कर फॉलोअप सुनिश्चित करें।
इसके साथ ही ओपीडी सेवाओं एवं अन्य चिकित्सा सुविधाओं की निरंतरता बनाए रखने हेतु मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सख्त निर्देश दिए गए। संभागायुक्त श्री सिंह ने कहा कि हर जरूरतमंद को समय पर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा मिलनी चाहिए।
आंगनबाड़ी केंद्र में उन्होंने बच्चों के पंजीयन, उपस्थिति और पोषण आहार वितरण की स्थिति की जानकारी ली। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से सीधा संवाद कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी और बेहतर संचालन के निर्देश दिए।
यह निरीक्षण औद्योगिक क्षेत्रों के भूमि आवंटन और रीजनल कॉन्क्लेव की अनुवर्ती कार्यवाही की समीक्षा के बाद किया गया, जहां विभागीय अधिकारियों ने उद्योगों को बढ़ावा देने की दिशा में चल रही गतिविधियों की जानकारी दी।







