
कटनी। जिला पशु चिकित्सालय परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब वृक्षारोपण के दौरान अचानक तेज फुसकार की आवाज सुनाई दी। पौधे रोप रहे लोग घबरा गए और इधर-उधर भागने लगे। तभी मौके पर मौजूद पर्यावरण प्रेमी सुमित रजक और अन्य लोगों ने देखा कि एक बड़ा सांप बेहद आक्रामक स्थिति में फुसकार रहा है।
सूचना तत्काल पशु प्रेमी अमिता श्रीवास को दी गई, जो तुरंत मौके पर पहुंचीं। निरीक्षण में सामने आया कि यह कोई साधारण सांप नहीं, बल्कि भारत का सबसे जहरीला और खतरनाक माने जाने वाला रसल वाइपर (Russell’s Viper) है। यह सांप अपनी फुफकार और तीव्र गति से हमले के लिए जाना जाता है।
अमिता श्रीवास और उनकी टीम ने बिना देरी किए रसल वाइपर का सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसे जंगल में छोड़ दिया। विशेषज्ञों के अनुसार, रसल वाइपर भारत में सर्पदंश से होने वाली मौतों की सबसे बड़ी वजह है। यह वाइपर प्रजाति का घातक सांप बहुत कम समय में जानलेवा जहर छोड़ता है।
अमिता श्रीवास ने बताया कि “यह सांप जितना खूबसूरत दिखता है, उतना ही जानलेवा होता है। इसके काटने से शरीर में रक्तस्राव, अंगों का फेल होना और कई बार मौत भी हो सकती है।”
इस घटना ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि प्राकृतिक स्थलों और खुले क्षेत्रों में कार्य करते समय पूरी सतर्कता बरतनी चाहिए। वहीं अमिता श्रीवास और उनकी टीम की तत्परता ने एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया।







