
कटनी। शहर का मौसम इन दिनों किसी फिल्मी सीन की तरह अचानक बदलता नजर आ रहा है। बीते तीन-चार दिनों से कभी तेज धूप तो कभी झमाझम बारिश के बीच आंख-मिचौली का सिलसिला जारी है। गुरुवार को भी ऐसा ही नज़ारा देखने को मिला, जिसने लोगों को चौंकाने के साथ-साथ राहत भी दी।
सुबह से दोपहर तक तेज धूप खिली रही और गर्मी की तपिश से उमस बढ़ने लगी थी। लोग गर्मी से बेहाल थे कि तभी दोपहर के बाद मौसम ने करवट ली। आसमान में काले बादल मंडराने लगे और हल्का अंधेरा छा गया। तेज गड़गड़ाहट और हवाओं के साथ अचानक झमाझम बारिश शुरू हो गई।
इस अचानक आई बारिश ने गर्मी से राहत दी और माहौल को खुशनुमा बना दिया। सड़कों पर चलते लोग जहां-तहां बारिश से बचने के लिए दौड़ पड़े कोई चाय की दुकान की शरण में गया तो कोई शेड के नीचे खड़ा हो गया। कुछ लोगों ने तो इस अनपेक्षित बारिश का खुलकर आनंद भी लिया।
मौसम के इस खेल ने एक बार फिर साबित कर दिया कि प्रकृति कब क्या रंग दिखाए, कहना मुश्किल है। लेकिन इतना तय है कि इस अचानक बदले मौसम ने गर्मी से राहत देकर शहरवासियों के चेहरों पर मुस्कान ज़रूर ला दी।








